
-जलीलपुर गांव में पूरन चंद्र विश्वकर्मा के घर के पीछे चल रहा था हार-जीत का खेल, पुलिस को देखकर कुछ लोग फरार
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 8,640 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को मुगलसराय थाना पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम पड़ाव चौराहे पर मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि जलीलपुर गांव में पूरन चंद्र विश्वकर्मा के घर के पीछे रास्ते के किनारे कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग ताश के पत्ते फेंककर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने मौके से सात लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी में 630 रुपये नकद मिले, जबकि जुआ खेलने के लिए बिछाए गए फड़ से 8,010 रुपये बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 8,640 रुपये और 52 ताश के पत्ते कब्जे में लिए।
गिरफ्तार आरोपियों में शिव कुमार यादव, दिनेश जायसवाल, राजकुमार पासवान, कृष्ण कुमार, डब्लू सिंह, निसार अहमद उर्फ पिंटू और सोनू जायसवाल शामिल हैं। सभी जलीलपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में मुगलसराय थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 582/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 में मुकदमा दर्ज किया है। फरार व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, जलीलपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुख्य आरक्षी सुशील यादव तथा कांस्टेबल धनंजय राय, आयुष पाण्डेय, अभिषेक मौर्य और हर्ष गोस्वामी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।




