
-कैंट रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास पुलिस ने दबोचा, पूछताछ में ट्रेन से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की बात आई सामने
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कैंट रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास से 6.4 लीटर अवैध देशी शराब के साथ बिहार निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब को ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब 11:05 बजे रोडवेज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास सिंह पुलिस टीम के साथ पिलर नंबर 61 के पास स्थित पुलिस बूथ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मालगोदाम के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के झोले से ब्लू लाइम ब्रांड की देशी मसाला शराब के 32 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 6.4 लीटर बताई गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान सोनू कुमार (25) पुत्र वासुदेव शाह निवासी प्रयाग बिगहा गागौली, थाना डेहरी, जनपद रोहतास, बिहार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से वाराणसी आया था। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वह यहां से देशी शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाता था और वहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था।
इस मामले में सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0457/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा, उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद, कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल नागेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अवैध शराब की खरीद-फरोख्त और तस्करी पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।





