
-जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने ट्रेन के एस-1 कोच में बाथरूम के पास पकड़ा, बरामद शराब की कीमत करीब 15 हजार रुपये
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मिर्जापुर ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी मिर्जापुर और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को ब्रह्मपुत्र मेल (ट्रेन संख्या 15657) के एस-1 कोच में बाथरूम के पास से एक युवक को 14.760 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार साव (26) पुत्र रामेश्वर साव निवासी खपरैल चक, परसा बाजार, जनपद पटना (बिहार) के रूप में हुई है। 3 नवंबर को करीब 11 बजे संयुक्त टीम ने ट्रेन में चेकिंग के दौरान उसे पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की सात बोतलें, रॉयल स्टैग बैरल सिलेक्ट व्हिस्की की 750 एमएल की पांच बोतलें तथा आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की की 180 एमएल की 32 बोतलें शामिल हैं। इनकी कुल मात्रा करीब 14.760 लीटर बताई गई है।
जीआरपी के मुताबिक, आरोपी ट्रेनों के जरिए शराब की तस्करी कर बिहार ले जाता था और वहां ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध धन अर्जित करता था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर जीआरपी मिर्जापुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 199/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जीआरपी मिर्जापुर में आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी मुकदमा अपराध संख्या 169/2026 दर्ज है। इस प्रकार वर्तमान मामले सहित उसके विरुद्ध दो मुकदमों का उल्लेख किया गया है।
संयुक्त टीम में शामिल रहे: जीआरपी थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक राम सिंह यादव, आरपीएफ मिर्जापुर पोस्ट के एसआई अखिलेश कुमार राय, सीआईबी प्रयागराज के एएसआई लाखन सिंह, मुख्य आरक्षी अजय कुमार यादव तथा आरक्षी कुलदीप कुमार और संदीप कुमार।
रेलवे पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और सर्कुलेटिंग एरिया में निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि अवैध शराब की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





