
- पंकज झां ✍️✍️✍️
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर मार्केट इलाके में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया। सोमवार को सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वाइन शॉप के आसपास व सड़क किनारे खड़े होकर शराब का सेवन कर रहे लोगों पर सख्त कार्रवाई की। थाना प्रभारी के अचानक पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने ऐसे लोगों को कड़ी फटकार लगाई जो सड़क को ही अड्डा बनाकर शराब पी रहे थे और उन्हें साफ चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकत दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।पुलिस की इस सख्ती के बाद स्थिति तेजी से सामान्य हुई और लोग मौके से हटने लगे। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
सिगरा पुलिस का यह अभियान साफ संदेश देता है कि सार्वजनिक जगहों पर अराजकता, हुड़दंग और शराबखोरी को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और कानून का डंडा आगे भी इसी तरह सख्ती से चलता रहेगा।





