
-लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर एडीजी जोन कार्यालय में हुआ आयोजन, राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने और आंतरिक सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का किया आह्वान
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे संकल्प और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने स्वयं राष्ट्रीय एकता की शपथ ग्रहण की तथा कार्यालय में तैनात समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
शपथ ग्रहण के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने सत्यनिष्ठा के साथ संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित रखेंगे। साथ ही देशवासियों के बीच एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने के लिए भी निरंतर प्रयास करेंगे। सभी ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर एडीजी नवीन अरोरा ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लौह पुरुष के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में पूरी निष्ठा से योगदान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संकल्प दोहराया गया कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा केवल संवैधानिक दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से पुलिस बल की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।





