
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर कूड़ा जमा मिलने, सीवर व जलनिकासी की समस्या तथा क्षतिग्रस्त गलियों की स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा मिला। अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने तथा अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग पर भी गंदगी मिली। वहीं मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने मुख्य मार्ग पर भी कूड़ा जमा पाया गया।
निरीक्षण के दौरान मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब मिला, जिससे गंदा पानी पास के खाली भूखंड में जा रहा था। उक्त भूखंड में भी कूड़ा पड़ा मिला। इसके अलावा वार्ड संख्या-16 के मीरापुर बसही क्षेत्र की कुछ गलियां क्षतिग्रस्त मिलीं।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराज प्रभारी मंत्री ने संबंधित जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सभी चिह्नित स्थानों से तत्काल कूड़ा हटवाने, खराब सीवर एवं जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई कार्यों की निगरानी करने तथा मुख्य मार्गों, गलियों और खाली भूखंडों में कूड़ा जमा न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।




