
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में रेल कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से 07 सितम्बर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वाराणसी के कार्मिक विभाग में ‘संवाद से समाधान’ पहल के अंतर्गत वृहद् परिवाद निस्तारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह एवं कर्मचारी कल्याण निरीक्षक की उपस्थिति में रेल कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं एवं परिवादों को सुना गया। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मामलों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों एवं प्रशासन के बीच बेहतर एवं प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करते हुए उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह ने कहा कि रेल कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि वाराणसी मंडल में पहली बार इस प्रकार के वृहद् परिवाद निस्तारण शिविर का आयोजन किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘संवाद से समाधान’ पहल के अंतर्गत यह शिविर मंडल कार्यालय में प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाएगा। इससे रेल कर्मचारियों को अपनी सेवा संबंधी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने तथा उनके शीघ्र एवं नियमानुसार समाधान का अवसर प्राप्त होगा।
मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई यह पहल कर्मचारियों एवं प्रशासन के बीच संवाद, विश्वास एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायक होगी। साथ ही, इससे कर्मचारी हित से जुड़े मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को भी बढ़ावा मिलेगा।





