
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेंदु सभा कक्ष में भारतेंदु हरिश्चंद्र जी की जयंती के अवसर पर राजभाषा सप्ताह का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मंडल राजभाषा तिमाही प्रगति की समीक्षा, सदस्यों के विचार एवं सुझाव तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा भारतेंदु हरिश्चंद्र जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा)अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन)अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) श्री यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर-द्वितीय श्री अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (C&W) अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल आंकड़ा एवं संसाधन प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी श्री आशुतोष पाण्डेय सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, स्टेशन राजभाषा समिति के सदस्य एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, विशेष अतिथि श्री दीपेश चंद्र चौधरी एवं उपस्थित रेलकर्मियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह हर्ष का विषय है कि राजभाषा सप्ताह का शुभारम्भ भारतेंदु हरिश्चंद्र जी की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल प्रारम्भ से ही राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में अग्रणी रहा है तथा विभिन्न मंचों पर मंडल को मंडलीय एवं रेलवे बोर्ड स्तर पर अनेक पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वाराणसी मंडल भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि हिंदी का व्यापक प्रयोग सुनिश्चित करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। राजभाषा सप्ताह के दौरान विभिन्न नवीन एवं रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा राजभाषा सप्ताह को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एवं राजभाषा अधिकारी श्री अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग से कार्यालयीन कार्यों को सरल, सहज एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। राजभाषा सप्ताह का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित न रहकर दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि श्री दीपेश चंद्र चौधरी ने भारतेंदु हरिश्चंद्र जी के जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र जी ने हिंदी भाषा एवं साहित्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा हिंदी को जनभाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने में अग्रणी भूमिका निभाई।
इसके पूर्व, सभी का स्वागत करते हुए राजभाषा अधिकारी श्री आशुतोष पाण्डेय ने गृह मंत्री एवं रेल मंत्री द्वारा हिंदी दिवस के अवसर पर जारी संदेशों का वाचन किया। उन्होंने राजभाषा के प्रयोग से संबंधित सुझावों पर विस्तृत चर्चा की तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों की जानकारी दी।
राजभाषा सप्ताह के समापन अवसर पर 23 सितम्बर 2026 को संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का अनुरोध किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी श्री आशुतोष पाण्डेय ने किया।




