
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Rudauli/Ayodhya.रुदौली क्षेत्र के तराई गांव परसैया के सामने बुधवार दोपहर सरयू नदी में बड़ा हादसा हो गया। भैंस नहलाने गए 60 वर्षीय जगराम और उनका नाती शिवा पुत्र भाईलाल अचानक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता और सीओ अरविंद सोनकर भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रशासन ने दोनों की तलाश के लिए गोताखोरों को नदी में उतारा। गोताखोर लगातार सरयू नदी में दोनों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक जगराम और शिवा का कोई पता नहीं चल सका था।
सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच हुए इस हादसे से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी नदी के किनारे मौजूद रहकर तलाश अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की निगरानी में दोनों की तलाश जारी है।





