
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Prayagraj, 19 August 2026. आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने गाड़ी संख्या 02417/02418 प्रयागराज–दादरी–प्रयागराज स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस ट्रेन का संचालन अब नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज–दादरी स्पेशल का संचालन 01 सितंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन के कुल 91 फेरे होंगे। वहीं, गाड़ी संख्या 02418 दादरी–प्रयागराज स्पेशल 02 सितंबर 2026 से 01 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी और इसके भी कुल 91 फेरे होंगे।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि विस्तारित अवधि के दौरान दोनों ट्रेनों का रूट, ठहराव, समय-सारणी और संचालन का वर्तमान स्वरूप यथावत रहेगा। इससे आगामी त्योहारों के दौरान प्रयागराज और दादरी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
21 कोच की होगी ट्रेन संरचना
प्रयागराज–दादरी–प्रयागराज स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें एसएलआर/डी के 02, सामान्य श्रेणी के 05, स्लीपर श्रेणी के 10, एसी तृतीय श्रेणी के 03 तथा एसी प्रथम श्रेणी का 01 कोच शामिल है।
उत्तर मध्य रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी और भीड़ के समय आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।





