
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेलवे स्टेशनों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने मंगलवार को चौखंडी, जंघई एवं वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, स्टेशन परिसर की स्थिति और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चौखंडी रेलवे स्टेशन पर डीआरएम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1, फुट ओवरब्रिज, शौचालय, स्टेशन मास्टर कक्ष, आईपीएस कक्ष, बैटरी कक्ष सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्टेशन पर प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) विकसित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने रेलवे समपार फाटक संख्या 15/सी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक जंघई रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 एवं 3, शौचालय, प्रतीक्षालय, पूछताछ काउंटर, स्टेशन भवन और विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एक यात्री ने ट्रेनों के कोच की स्थिति और स्थान की जानकारी देने के लिए कोच पोजिशन बोर्ड लगाए जाने का अनुरोध किया। इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अपने निर्धारित कोच तक पहुंचने में आसानी हो सके।
इसके उपरांत डीआरएम ने वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपलब्ध यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता सहित रेलवे के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




