
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा ट्रेनों और स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग तथा अनधिकृत पानी की बोतल बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षकों की टीम छपरा, सिवान, बलिया और गाजीपुर सिटी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत 14 अप्रैल को गाड़ी संख्या 12562 डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में (बलिया से छपरा जंक्शन के बीच) पेंट्री कार में छापेमारी की गई, जहां 6 व्यक्ति बिना टिकट यात्रा करते हुए और अनधिकृत पानी के साथ पकड़े गए। सभी के खिलाफ पेनाल्टी लगाकर टिकट बनाया गया, जिससे रेलवे को कुल 4910 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
साथ ही पेंट्री कार से 70 बोतल अनधिकृत ‘दिव्य जल’ पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर पार्सल कार्यालय छपरा को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया। इसके अलावा गाड़ी संख्या 14006 डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस (मऊ से सिवान जंक्शन के बीच) में भी जांच के दौरान 12 कार्टून अनधिकृत ‘ANUJAL’ ब्रांड का पानी बरामद किया गया।
इन सभी कार्टूनों को सीज कर वाणिज्य अधीक्षक सिवान को अग्रिम कार्रवाई हेतु सुपुर्द कर दिया गया। अभियान के दौरान गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी कार्रवाई करते हुए 3 अनधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया, जो पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम बेच रहे थे। इनसे बरामद सामग्री के साथ उन्हें रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गाजीपुर सिटी को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।




