
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज खेले गए मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन का परिचय दिया। दिन का पहला मुकाबला रेल सुरक्षा बल और यांत्रिक विभाग के बीच खेला गया, जिसमें रेल सुरक्षा बल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए।
टीम की ओर से रामप्रवेश यादव ने शानदार 63 रन, राजेश सिंह ने 32 रन और शेषनाथ ने 11 रन का योगदान दिया। जवाब में यांत्रिक विभाग की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 19 ओवर में 8 विकेट खोकर 157 रन बनाते हुए 2 विकेट से जीत हासिल कर ली। टीम की जीत में सुजीत यादव की विस्फोटक पारी (23 गेंदों पर 57 रन, 8 छक्के) निर्णायक रही, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी कलाम अली खान द्वारा प्रदान किया गया।दूसरा मुकाबला कार्मिक विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेला गया, जिसमें इंजीनियरिंग विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर में 2 विकेट पर विशाल 266 रन बना डाले।

टीम की ओर से विजय ने 98 रन, ऋषभ ने 91 रन, अजीत ने 23 और सुभाष ने 13 रन बनाए। जवाब में कार्मिक विभाग की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य से 56 रन पीछे रह गई। कार्मिक विभाग के अभिनव सिंह ने शानदार 104 रन की पारी खेलकर मुकाबले को रोचक बनाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से अश्वनी कुमार और सुरेंद्र ने गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए विजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें यह सम्मान वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह द्वारा प्रदान किया गया।




