
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने जान से मारने की नीयत से पीड़ित पर हमला करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार (56) निवासी टेंगरा मोड़, भीटी, रामनगर को 9 सितंबर की रात मालवीय चौराहे के पास, थाना क्षेत्र लंका से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में मुकदमा संख्या 0235/2026, धारा 190/191(2)/109(1)/352/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था। 6 सितंबर को शिकायतकर्ता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जमीनी विवाद को लेकर उसके भाई, भतीजे और उनके दोस्तों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह अचेत हो गया था। सूचना के आधार पर रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
वांछित आरोपी अशोक कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मालवीय चौराहे के पास से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में पारिवारिक जमीन विवाद की बात स्वीकारी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि उनका पैतृक जमीन को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। इसी विवाद में कहासुनी बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गई।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक आदित्य कुमार राय, उपनिरीक्षक अनिल राजपूत, उपनिरीक्षक बाल योगेश्वर गोड तथा कांस्टेबल इकरार मोहम्मद शामिल रहे। रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम लगातार सक्रिय है।




