
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। करोड़ों रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी के मामले में वाराणसी पुलिस ने रविवार को नागरी नाटक मंडली में आयोजित मेडलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया। शिकायत मिलने पर ACP साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस के पहुंचते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई और कंपनी से जुड़े कई पदाधिकारी वहां से चले गए। इसके बाद पुलिस ने मौजूद निवेशकों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
शिकायत के अनुसार कंपनी पर नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए 10 से 20 महीने में निवेश की रकम दोगुनी करने, सोना, कैशबैक और विदेश यात्रा का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराने का आरोप है। शिकायतकर्ता भगवान सिंह राठौर ने दावा किया है कि उनकी टीम का करीब 90 लाख रुपये और 300 ग्राम सोना कंपनी के पास बकाया है।
शिकायत में जीएसटी बिल जारी न करने और टीडीएस काटने के बावजूद सरकारी खाते में जमा न करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने कंपनी के दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।



