
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़ागांव पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 30 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण एवं संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान करवल बस्ती के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली। तलाशी लेने पर उसके पास से 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान गीता देवी (50 वर्ष) पत्नी शंकर, निवासी ग्राम सीतापुर, थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी के रूप में हुई।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह परिवार के भरण-पोषण के लिए अवैध कच्ची शराब बनाकर बेचने का काम करती है। घटना के दिन भी वह बिक्री के उद्देश्य से शराब लेकर खड़ी थी, तभी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी के आधार पर थाना बड़ागांव में मु0अ0सं0 299/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्ता के खिलाफ आबकारी अधिनियम का एक अन्य मामला भी पहले से दर्ज है।
इस कार्रवाई को थाना बड़ागांव पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




