
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की दशाश्वमेध पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बुलेट मोटरसाइकिल को घटना के महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर वाहन चोर को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में चोरी और लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त एवं थानाध्यक्ष दशाश्वमेध के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शनि विश्वकर्मा उर्फ शनि नाथ विश्वकर्मा (24 वर्ष) निवासी ग्राम धन्नेपुर, थाना लोहता, हाल पता जयप्रकाश नगर कॉलोनी, थाना सिगरा, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल के साथ अहिल्याबाई मोहल्ले की ओर जाने वाली गली से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 29 जुलाई की सुबह केशरी गली से बिना लॉक खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की थी। उसने मोटरसाइकिल को धक्का देकर एक गली में छिपा दिया था और उसे बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी वाहन चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ थाना सिगरा में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दशाश्वमेध पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा हुआ, बल्कि वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता और सक्रियता भी एक बार फिर सामने आई।





