
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना कपसेठी की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने बड़ी तत्परता दिखाते हुए कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां (फब्तियां) करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में भ्रमण और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुदामा देवी लालता सिंह कॉलेज के समीप तिराहे, ग्राम अकोढ़ा में एक युवक कॉलेज आने-जाने वाली युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां कर उन्हें परेशान करता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कृष्ण कुमार (21 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र कुमार, निवासी ग्राम दाँदूपुर, महीन धवकलगंज, थाना कपसेठी, जनपद वाराणसी के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने कृत्य के लिए क्षमा भी मांगी।
इस मामले में थाना कपसेठी में मु0अ0सं0 110/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी, उपनिरीक्षक विनय कुमार प्रजापति एवं महिला हेड कांस्टेबल चन्द्रावती ने अंजाम दिया।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी या उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





