
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले वनडे मुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा चूक से बचने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं और पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इकाना स्टेडियम को कई सुरक्षा जोन में बांटा गया
मैच के मद्देनजर इकाना स्टेडियम परिसर को 4 सुपर जोन, 9 जोन, 24 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
पूरे आयोजन स्थल पर 3 डीसीपी, 5 एडीसीपी और 11 एसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
महिला सुरक्षा और तकनीकी निगरानी पर विशेष जोर
महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 158 महिला पुलिसकर्मियों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है। इसके अलावा 6 कंपनी पीएसी, एटीएस, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), एंटी-माइन और इंटेलिजेंस टीमें भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगी।
स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए की जाएगी। कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग कर हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू
दर्शकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं और कई वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं।
लखनऊ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित गेट, पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा सुरक्षा जांच में सहयोग करें।




