
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। गाजीपुर बिहार में अवैध शराब की तस्करी के लिए तैयार किए जा रहे बड़े खेप को सैदपुर पुलिस ने बिहार पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित अंतरराज्यीय शराब तस्कर को कार में शराब लादते समय गिरफ्तार किया। मौके से 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, एक कार और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान दो अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 01/02 अक्टूबर की रात प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव और उपनिरीक्षक शिवमणि सेन पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम परमानन्दपुर स्थित काली माता मंदिर के पास कुछ लोग शराब के ठेके से शराब लाकर एक कार में लाद रहे हैं और उसे बिहार ले जाने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी एवं टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कार में शराब लाद रहे तीन लोगों में से दो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि रमन सिंह पुत्र संतोष सिंह, निवासी ग्राम पहाड़पुर, थाना गड़वार, जनपद बलिया, उम्र करीब 19 वर्ष को पुलिस ने कार में शराब लादते हुए पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान सफेद रंग की कार से 750 एमएल की 204 बोतल तथा 375 एमएल की 264 बोतल, कुल 252 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा एक ओप्पो मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगा।
पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर थाना सैदपुर में मु0अ0सं0 335/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।





