
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। गाजीपुर के प्रतिष्ठित कवियों ने विविध भावों एवं रसों से ओत-प्रोत काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवि सम्मेलन में सर्वश्री हरिशंकर पांडेय, रमाकांत राही, अमरनाथ तिवारी, अक्षय पांडेय, आशुतोष श्रीवास्तव एवं गोपाल गौरव ने हास्य, व्यंग्य, वीर रस, संवेदना तथा सामाजिक सरोकारों से युक्त अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया।
संस्थान की ओर से श्री सुनील सिंह ने भी काव्य पाठ किया। वहीं, संस्थान के प्रधानाचार्य श्री पवन मिश्र ने संक्षिप्त एवं रोचक रामकथा प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। कार्यक्रम का संचालन प्रारंभ में श्री सुनील सिंह तथा बाद में सुप्रसिद्ध कवि एवं मंच संचालक श्री मिथिलेश गहमरी ने किया। उनके प्रभावशाली एवं सरस संचालन ने कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
इस आयोजन ने साहित्य एवं कविता के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम की सफलता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति तथा संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।





