
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Ghazipur: जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को बनारस-गोरखपुर हाईवे स्थित अरशदपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर चार कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1.904 किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर स्वाट, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अरशदपुर तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
*बिहार के तीन और गाजीपुर का एक आरोपी शामिल*
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमीर हवारी (25 वर्ष), निवासी ग्राम बनका बउआरा, थाना कुड़नी, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार; बबलू कुमार यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम कारी राम, थाना नुवांव, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार; गुलशन कुमार (22 वर्ष), निवासी ग्राम कारी राम, थाना नुवांव, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार तथा विवेक यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम खजुरी, थाना दिलदारनगर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
*1.904 किलोग्राम हेरोइन और चार मोबाइल बरामद*
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 1.904 किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। इस मामले में थाना जंगीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 240/26 के तहत धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
*तस्करी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस*
पुलिस इस मामले में केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित न रहकर तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। इसके लिए आरोपियों के आगे और पीछे के संपर्कों यानी फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
*संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई*
इस सफल कार्रवाई में स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान अपनी टीम के साथ तथा जंगीपुर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक ओम प्रकाश अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।





