
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली सरकारी शराब की दुकान बंद होने के बाद कथित तौर पर ऊंचे दामों पर अवैध रूप से शराब बेचने का मामला सामने आया है। चंदौली थाना पुलिस ने नवही क्षेत्र में छापेमारी कर एक किराना दुकान से 25 पाउच देशी शराब और 8 केन बीयर बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की रात थाना चंदौली पुलिस टीम नवही क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रात 10 बजे के बाद सरकारी शराब का ठेका बंद होने पर नवही देशी शराब ठेके के बगल में स्थित एक किराना दुकान से ऊंचे दामों पर शराब बेची जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान पर मौजूद व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पुनित सिंह पुत्र सुनील कुमार सिंह, निवासी मझवार, थाना एवं जिला चंदौली, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो काउंटर के नीचे रखे गत्ते के कार्टून से 200-200 मिलीलीटर के 25 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब मसाला तथा फ्रीजर से 500-500 मिलीलीटर की हेवर्ड्स 5000 बीयर की 8 केन बरामद हुईं।
इस मामले में थाना चंदौली पर मुकदमा अपराध संख्या 530/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह, कांस्टेबल धर्मराज, अभिषेक प्रजापति और अरविंद कुमार-2 शामिल रहे।





