
-डीजल से भरा टैंकर बिजली के पोल से टकराया, छह दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
- रिपोर्ट: प्राची सिंह
Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित बिजली उपकेंद्र (सब-स्टेशन) के पास हुआ, जहां डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद पोल पर लगा ट्रांसफार्मर टैंकर के ऊपर गिर गया, जिससे तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के कारण आसपास मौजूद लोग चाहकर भी मदद के लिए टैंकर के पास नहीं पहुंच सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की छह गाड़ियों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था।
इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान कराने के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।




