
-कुमारगंज कृषि विवि में प्राकृतिक खेती कार्यशाला व मक्का विकास गोष्ठी सम्पन्न
-23 प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित, जीवामृत-दशपर्णी का लाइव डेमो बना आकर्षण
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के सभागार में ‘प्राकृतिक खेती कार्यशाला’ एवं ‘त्वरित मक्का विकास योजना’ के अंतर्गत किसान गोष्ठी व प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।
गोसेवा आयोग अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, कुलपति डॉ. ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का पुष्प गुच्छ व अंग वस्त्र देकर स्वागत किया गया।
‘गोबर-गोमूत्र बेकार नहीं, प्राकृतिक खेती का आधार है’: श्याम बिहारी गुप्ता
गोसेवा आयोग अध्यक्ष श्री श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा, ‘प्राकृतिक खेती से किसान भाई स्वयं और धरती दोनों को स्वस्थ रख सकते हैं। इसके लिए गो संरक्षण जरूरी है। गोमूत्र और गोबर को बेकार न समझें, इससे जीवामृत, घनजीवामृत जैसे उपयोगी उत्पाद बनाएं।’ उन्होंने किसानों से बायो गैस प्लांट लगाने की अपील की और बताया कि सरकार अनुदान दे रही है और लक्ष्य भी बढ़ाया जा रहा है।
‘विवि में विकसित किया गया प्राकृतिक खेती मॉडल’: कुलपति
कुलपति डॉ. ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मॉडल फार्म विकसित किया गया है। प्रदर्शनी स्थल पर जीवामृत, घनजीवामृत, दशपर्णी आदि का लाइव डेमो लगाया गया। उन्होंने किसानों से कहा, ‘किसी भी समस्या के लिए विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से संपर्क करें।’
‘पूर्वजों की खेती को फिर अपनाने का समय’: भाजपा जिलाध्यक्ष
मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने किसानों से वैज्ञानिक विधियों से प्राकृतिक खेती अपनाने का अनुरोध किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा, ‘हमारे पूर्वज प्राकृतिक खेती करते थे। स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए अब फिर उसी राह पर लौटना होगा।’
किसानों ने साझा किए अनुभव, 23 किसान सम्मानित
प्राध्यापक डॉ. एसपी सिंह ने प्राकृतिक खेती के सिद्धांत व विधि विस्तार से समझाई। ‘मोरिंगा लेडी ऑफ यूपी’ डॉ. कामिनी सिंह, हाथरस के बृजेश सिंह, अयोध्या के राकेश दूबे सहित कई प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए।
जनपद में प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 प्रगतिशील किसानों को गोसेवा आयोग अध्यक्ष व कुलपति ने प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में महानगर भाजपा अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, लोक भारती के राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख कृष्णा चौधरी, मंडलीय टास्क फोर्स अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव, उप कृषि निदेशक डॉ. पीके कनौजिया, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सौरभ वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी, निदेशक प्रसार डॉ. आरबी सिंह, केवीके मसौधा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीपी शाही सहित उद्यान, पशुपालन, गन्ना, मत्स्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्रदेशभर से आए किसान उपस्थित रहे। अंत में उप कृषि निदेशक डॉ. पीके कनौजिया ने सभी का आभार जताया।





