
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार दोपहर अपने तीसरे कार्यकाल में छठवीं बार अपने संसदीय क्षेत्र काशी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे करीब 1:30 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे वाराणसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही एक जनसभा को संबोधित करने की भी संभावना है। प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास योजनाओं और क्षेत्रीय राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।




