
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रेलवे संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से रेल लाइनों के किनारे आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रेलवे प्रशासन ने व्यापक स्तर पर कदम उठाए हैं। इसी क्रम में बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से यात्रियों और आम नागरिकों को सतर्क किया जा रहा है।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ अपने साथ लेकर न चलें, क्योंकि यह न केवल उनकी अपनी सुरक्षा बल्कि अन्य यात्रियों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। वहीं, रेल लाइन के आसपास रहने वाले किसानों और स्थानीय लोगों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे सूखी घास, पत्ते या पराली को रेल पटरियों के किनारे न जलाएं। इस तरह की लापरवाही से आग भड़क सकती है, जिससे रेल ट्रैक को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ रेल संचालन भी बाधित हो सकता है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों को टाल सकती है। ऐसे में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी बनती है कि वे नियमों का पालन करें और जागरूक बनकर रेल सुरक्षा में अपना योगदान दें, ताकि यात्राएं सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनी रहें।




