
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
पटना। राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्थान पर हुई फायरिंग की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। घटना से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कदमकुआं थाना क्षेत्र में दर्ज मामले की जांच फायरिंग और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत की जा रही है। जांच एजेंसियां घटना के दौरान हथियारों के इस्तेमाल, सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा कर्मियों की भूमिका समेत विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि 2 जून की रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित तौर पर हमला हुआ था। कोचिंग संस्थान की ओर से दावा किया गया था कि अज्ञात बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की थी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा जवाबी कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई थी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खान सर के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।
खान सर ने कहा है कि सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई फायरिंग आत्मरक्षा के तहत थी। उनका कहना है कि हालात को देखते हुए गार्डों ने जवाबी कार्रवाई की थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ किसी प्राथमिकी की आधिकारिक जानकारी उन्हें नहीं मिली है, लेकिन वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। मामले की सभी परिस्थितियों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।





