
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजकीय महिला जिला चिकित्सालय (एमसीएच विंग), कबीरचौरा में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 440 यूनिट रक्तदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य है। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में सेवा और समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि पातालपुरी मठ के महंत बालकनाथ जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है।भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के संयोजक, हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह ‘भोला’ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।उन्होंने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित के ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।इस अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक सुनील सिंह, जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह, महानगर प्रभारी मनीष मिश्रा, महानगर संयोजक सुनील कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष अजय सिंह, महानगर उपाध्यक्ष सन्नी गुप्ता, रुद्र पांडे, ओमप्रकाश जायसवाल, मीडिया प्रभारी अश्वनी गुप्ता, संगठन मंत्री नीतीश सिंह ‘रौनक’, मंत्री मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, कार्यसमिति सदस्य विकास जैन, लहुराबीर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश कन्नौजिया सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों तथा 12 मंडल इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





