
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से छात्राओं के साथ मारपीट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक युवक दो छात्राओं के साथ मारपीट करता और बाल पकड़कर घसीटता दिखाई दे रहा है। घटना शिवकुटी थाना क्षेत्र के शंकर घाट इलाके स्थित एक हॉस्टल की बताई जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी हॉस्टल मालिक का बेटा शुभम द्विवेदी है। दोनों छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हॉस्टल में रह रही थीं। पीड़ित छात्राओं का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उन्हें फोन और मैसेज कर परेशान कर रहा था तथा उसके इरादे गलत थे।
छात्राओं ने बताया कि 18 मई की रात करीब 2 बजे आरोपी शराब के नशे में उनके कमरे के बाहर पहुंचा और दरवाजा खोलने का दबाव बनाने लगा। जब छात्राओं ने दरवाजा नहीं खोला तो उसने कथित तौर पर बाहर से कमरा बंद कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। बाद में किसी तरह मदद के लिए आसपास रहने वाली महिला को बुलाया गया।
वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग महिला आरोपी को रोकने की कोशिश करती भी दिखाई दे रही है, लेकिन युवक छात्राओं के साथ मारपीट करता नजर आता है। आरोप है कि आरोपी ने दूसरी छात्रा के कमरे को भी बाहर से बंद कर दिया था और लगातार फोन कर परेशान कर रहा था।
पीड़ित छात्राओं ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि पुलिस के सामने भी आरोपी ने टूटे कांच से हमला करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने छात्राओं की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई। पीड़िता अमेठी की रहने वाली बताई जा रही है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए प्रयागराज में रह रही थी।




