
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: वाराणसी मंडल ने सुरक्षित एवं आधुनिक रेल संचालन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) श्री यशवीर सिंह के नेतृत्व में कप्तानगंज–पनियहवां रेलखंड स्थित सिसवा बाजार स्टेशन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की सफलतापूर्वक स्थापना एवं कमीशनिंग का कार्य पूरा कर लिया गया।
वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर-द्वितीय श्री अमित मणि त्रिपाठी के अनुसार सिसवा बाजार स्टेशन पर सेंट्रलाइज्ड आर्किटेक्चर वाली 64वीं रूट सेटिंग टाइप इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (WESTRACE MK-II) प्रणाली को 42 रूट्स के साथ सफलतापूर्वक चालू किया गया। इसके बाद स्टेशन को सार्वजनिक रेल यातायात के लिए खोल दिया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्य को 5 घंटे के डिस्कनेक्शन तथा उसके बाद 1.5 घंटे के टेस्टिंग ब्लॉक के दौरान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की तकनीकी टीम ने बेहतर समन्वय और दक्षता के साथ निर्धारित समय में कमीशनिंग का कार्य पूरा किया।
सिसवा बाजार स्टेशन की इस उपलब्धि की खास बात यह भी है कि खड्डा रेलवे स्टेशन के बाद यह वाराणसी मंडल का दूसरा स्टेशन है, जहां सिग्नलिंग केबल बिछाने के लिए RCC डक्ट का उपयोग किया गया है। इससे केबलों की बेहतर सुरक्षा के साथ सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के स्थापित होने से ट्रेनों के परिचालन में सुरक्षा, सुगमता, विश्वसनीयता एवं दक्षता में और वृद्धि होगी। यह उपलब्धि वाराणसी मंडल में रेल संरक्षा और तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने इस उपलब्धि के लिए वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर-द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर रेल संचालन को अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाना वाराणसी मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मंडल सुरक्षित रेल संचालन, आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग एवं बेहतर यात्री सेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।




