
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित गांधी पार्क से पत्रकारों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। सैकड़ों पत्रकारों और नागरिकों के हाथों में लहराता तिरंगा तथा डीजे पर गूंजते देशभक्ति गीतों ने शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में महिलाओं और बालिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
राकेश तिवारी, अंतरिक्ष तिवारी समेत कई पत्रकारों के सहयोग से आयोजित तिरंगा यात्रा में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से माहौल देशभक्तिमय हो गया। यात्रा सिविल लाइंस से शुरू होकर किताबगंज, चौक, रिकाबगंज चौराहा, उदया आईटीआई, साकेत डिग्री कॉलेज, टेढ़ी बाजार, श्रीराम मंदिर और हनुमान मंदिर चौराहा होते हुए लता चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
जगह-जगह हुआ स्वागत, पुलिस ने भी कराया जलपान
तिरंगा यात्रा का रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा, नाश्ता और जलपान कर स्वागत किया। राम जन्मभूमि थाना के पुलिसकर्मियों ने भी यात्रा में शामिल पत्रकारों और नागरिकों को जलपान कराया। स्वागत से उत्साहित प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया।
पूरी यात्रा के दौरान सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। तिरंगा हाथ में लिए बच्चों, महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। लता चौक पहुंचने पर यात्रा का समापन राष्ट्रगान और देशभक्ति के भाव के साथ किया गया।
यात्रा में लव कुमार पांडेय, अमित, नीलम सिंह, नेहा हाशमी, रवि मौर्य, अर्चना समेत बड़ी संख्या में पत्रकार एवं नागरिक मौजूद रहे।




