
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: आगामी छठ पूजा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन ने सोमवार को न्यू लोको रेलवे कॉलोनी में निर्माणाधीन छठ घाट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने वाराणसी सिटी यार्ड में निर्माणाधीन लो हाइट सबवे (LHS) के कार्यों की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह के साथ न्यू लोको रेलवे कॉलोनी में छठ व्रतियों द्वारा सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए बनाए जा रहे छठ घाट का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाट का निर्माण समय से पूरा किया जाए, ताकि छठ पूजा के अवसर पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य पर्व के अवसर पर छठ व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री विकास कुमार सिंह के साथ वाराणसी सिटी यार्ड में किलोमीटर 202/31-33 पर स्थित समपार संख्या 25 स्पेशल पर निर्माणाधीन लो हाइट सबवे (LHS) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
लो हाइट सबवे का निर्माण पूरा होने के बाद आम जनता को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि जनता को इस सुविधा का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, सहायक मंडल नगरीय इंजीनियर ए.के. पाण्डेय सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





