
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने आज वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल जवानों के लिए नवस्थापित कैंटीन का विधिवत पूजन के साथ शुभारम्भ किया गया। उद्घाटन समारोह में प्रभारी निरीक्षक अंजू लता द्विवेदी द्वारा फीता काटकर कैंटीन का औपचारिक उद्घाटन सम्पन्न कराया गया।
रेल प्रशासन द्वारा रेलवे सुरक्षा बल कर्मचारियों को उचित दरों पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने, ड्यूटी के व्यस्त समय में बाहर जाने की आवश्यकता कम करने तथा कर्मचारी कल्याण एवं सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय में इस आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कैंटीन की स्थापना की गई है। यह पहल रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों के लिए अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडलीय अधिकारियों के साथ कैंटीन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के जवान दिन-रात यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य, सुविधा और कल्याण का ध्यान रखना रेलवे प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कैंटीन रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएँ सुलभ दरों पर उपलब्ध कराने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यालय भवन, कार्यालय परिसर तथा रेलवे सुरक्षा बल की विभिन्न शाखाओं के कक्षों एवं उनकी कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का भी गहन अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए सतर्कता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, सुरक्षा उपकरणों तथा कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा रेलवे सुरक्षा बल इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, सहायक परिचालन प्रबंधक श्री एस.के. राय, सहायक नगर इंजीनियर ए.के. पाण्डेय सहित रेलवे सुरक्षा बल के जवान एवं रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।




