
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेल संरक्षा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में सोमवार, 16 नवंबर 2026 को उन्होंने वाराणसी सिटी–छपरा रेलखंड के विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान बाँसडीह रोड स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और संरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन मास्टर से दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान संचालित विशेष ट्रेनों के परिचालन और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
संरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान उन्होंने पैनल इंटरलॉकिंग, आपातकालीन बटन, संकेतक एवं डिस्प्ले, संचार उपकरण, रिले रूम, आईपीएस रूम, डाटा लॉगर, सीएलएस पैनल, समपार फोन और अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता परखी। साथ ही संबंधित कर्मचारियों की कार्यदक्षता एवं तत्परता का आकलन करते हुए आवश्यक रजिस्टरों और अभिलेखों का भी निरीक्षण किया।
यात्री सुविधाओं के अंतर्गत प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म की सतह, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं का जायजा लिया।
संरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुविधाओं को बेहतर रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। सभी संरक्षा उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि वे हर समय कार्यशील रहें। उन्होंने संरक्षा नियमों और निर्धारित परिचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय ब्रह्मानंद, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, सहायक सुरक्षा आयुक्त एन.एम. यादव सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।





