
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशी जोन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के कुशल नेतृत्व में थाना चेतगंज पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए पीतल के घंटा के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना चेतगंज पुलिस ने मु0अ0सं0-119/2026 धारा 305(d) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त विजय डोम उर्फ तेजसिंह पुत्र आगरेबाब निवासी सी-26/67 छोटी मलदहिया थाना चेतगंज जनपद वाराणसी उम्र करीब 46 वर्ष को दिनांक 08 मई 2026 को चौकाघाट फ्लाईओवर ब्रिज के बगल सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया पीतल का घंटा भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त ने मंदिर से पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन एवं घंटा चोरी किया था।घटना के संबंध में वादी द्वारा थाना चेतगंज में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके आधार पर थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 119/2026 धारा 305(d) बीएनएस पंजीकृत कर पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस की सक्रियता और मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना के चलते आखिरकार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना चेतगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





