
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में महर्षि वाल्मीकि एवं महान स्वतंत्रता सेनानी, निर्भीक पत्रकार और प्रखर लेखक गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालने के लिए एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का संचालन वार्ड अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से समाज को सत्य, न्याय, मर्यादा और आदर्श जीवन का संदेश दिया। वहीं गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपनी निर्भीक पत्रकारिता और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान के माध्यम से अन्याय एवं शोषण के खिलाफ संघर्ष की मिसाल पेश की। उनके आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देता है। गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपनी कलम को गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की आवाज बनाया। उनकी पत्रकारिता सत्ता के सामने सच बोलने और समाज में एकता कायम रखने का संदेश देती है। आज उनके विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
पीसीसी सदस्य अब्दुल्ला शेर ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक एकता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी समाज में भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि और गणेश शंकर विद्यार्थी दोनों का जीवन समाज को नई दिशा देने वाला है। एक ने अपनी महान रचना से भारतीय संस्कृति और आदर्शों को समृद्ध किया, तो दूसरे ने निर्भीक लेखनी और त्याग के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूती प्रदान की। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
गोष्ठी में प्रमुख रूप से जिला सचिव पंकज सिंह, कविंद्र साहनी, अशोक कुमार राय, मोहम्मद नसीम, डॉक्टर मिथिलेश कुमार, भानु वर्मा, वीरू प्रताप सिंह, कैफियत अंसारी, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, धीरेंद्र नाथ वर्मा, बसंत मिश्रा, विवेक प्रताप शर्मा, रामसागर रावत, धीरेंद्र सिंह, बबलू, अशोक कनौजिया, हरजीत सिंह सलूजा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





