
नई दिल्ली- Central Board of Secondary Education की 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बुधवार को इंटरमीडिएट (12वीं) बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्र-छात्राएं अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट, डिजीलॉकर पोर्टल और उमंग ऐप के जरिए अपना परिणाम चेक करने के साथ स्कोरकार्ड डाउनलोड भी कर सकते हैं।
सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 85.20 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। एक बार फिर लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। परीक्षा में लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 82.13 फीसदी रहा।
बोर्ड के मुताबिक, इस बार 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। वहीं 17,113 छात्रों ने 95 फीसदी से ज्यादा अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को सबसे पहले CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर दिए गए ‘सीनियर स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा (कक्षा XII) परिणाम 2026’ लिंक पर क्लिक करना होगा। फिर नया पेज खुलने पर छात्र अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करेंगे। जानकारी सबमिट करते ही परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा। छात्र अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।
गौरतलब है कि इस वर्ष सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। वहीं कंपार्टमेंट परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसके लिए एलओसी (उम्मीदवारों की सूची) जमा करने की प्रक्रिया 2 जून से ऑनलाइन माध्यम से शुरू होगी।




