- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में गोलघर इलाके के एक मामले में पुलिस ने मनबढ़ युवक रोशन उपाध्याय निवासी मंगलागौरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि मलबा उठाने के नाम पर क्षेत्र में दबंगई और धमकी का माहौल बनाया जा रहा था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके घर से निकले मलबे से लदी ट्रॉलियों को आरोपी ने दबंगई के बल पर चेन बांधकर अपने कब्जे में ले लिया था। सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता के भाई के मौके पर पहुंचने के बाद ट्रॉलियों को छोड़ा गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी की मलबा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी सीज कर दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




