
-अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 50 लाख रुपये बताई गई कीमत, ट्रक समेत नकदी, मोबाइल और अन्य सामान बरामद
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। देवरिया अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसटीएफ उत्तर प्रदेश की कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने देवरिया जिले में चावल की बोरियों के बीच छिपाकर गांजा ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 1.39 कुंतल गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बृजपाल सिंह पुत्र कैलाश सिंह, निवासी सौडाला, थाना कुटीखाना, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। एसटीएफ ने उसके कब्जे से गांजे के अलावा ट्रक संख्या यूपी-37 टी-8988, एक मोबाइल फोन, एक डीएल, आधार कार्ड, 3,900 रुपये नकद और एक एटीएम कार्ड बरामद किया।
एसटीएफ को पिछले कई दिनों से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय गिरोहों के संबंध में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में एसटीएफ लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के पर्यवेक्षण में टीमों को सूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी अभियान के दौरान निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह यादव, मुख्य आरक्षी प्रभात कुमार, मुख्य आरक्षी शशांक सिंह, मुख्य आरक्षी विजेन्द्र नाथ राय और मुख्य आरक्षी नीरज कुमार की टीम देवरिया में भ्रमणशील थी। इसी दौरान सूचना मिली कि असम से देवरिया आने वाले ट्रक में चावल की बोरियों के बीच छिपाकर गांजा लाया जा रहा है।
सूचना पर एसटीएफ टीम ने स्थानीय क्षेत्राधिकारी को साथ लेकर ग्राम पड़ौली, सेमरहां पोखरा, उनखार से खुखुंदू रोड, थाना खुखुंदू, जनपद देवरिया के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। करीब 13:35 बजे ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने कथित तौर पर बताया कि वह अमरोहा से ट्रक में सामान लादकर असम गया था। वहां उसके पूर्व परिचित अमरनाथ के संपर्क में आने के बाद ट्रक में गांजा लोड कराया गया। उसे देवरिया पहुंचने के बाद गांजे की आपूर्ति के स्थान की जानकारी फोन के माध्यम से दी जानी थी।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना खुखुंदू, जनपद देवरिया में मुकदमा अपराध संख्या 238/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





