
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर वाराणसी मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ पखवाड़े का समापन समारोह लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी क्लब में आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में हुए समारोह में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों, स्टेशनों, डिपो, रेलवे कॉलोनियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, अजय सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मंडल कला समिति की ओर से भजन एवं गीत-संगीत की प्रस्तुति दी गई।
‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की थीम पर 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चले अभियान के दौरान श्रमदान, पौधारोपण, स्वच्छता जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वाराणसी मंडल में इस दौरान लगभग 1,627 गतिविधियां हुईं, जिनमें करीब 28,320 रेलकर्मियों, निविदा कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सहभागिता की।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि स्वच्छता को किसी अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक आदत और जिम्मेदारी बनाना चाहिए। उन्होंने स्टेशन, ट्रेन, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए सभी से निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने भी स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
समारोह में भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने स्वच्छता जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बलिया स्थित रेलवे सुरक्षा बल चौकी, बनारस कोचिंग डिपो, खड्डा स्टेशन, थावे जंक्शन, औड़िहार डिपो, बेल्थरा रोड, छपरा जंक्शन तथा गाजीपुर स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र के अभयनाथ सिंह यादव को सम्मानित किया गया। सर्वाधिक स्वच्छ स्टेशन की श्रेणी में बनारस और गाजीपुर सिटी को पुरस्कार मिला।
स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रेलगाड़ी की विभिन्न श्रेणियों में खजुराहो वंदे भारत, छपरा-मथुरा एक्सप्रेस और आनंदविहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस को सम्मानित किया गया। प्रयागराज रामबाग को सर्वश्रेष्ठ रेलगाड़ी निरीक्षण इकाई, गाजीपुर सिटी को सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ डिपो तथा सीवान कॉलोनी को सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ कॉलोनी का पुरस्कार प्रदान किया गया।
स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयास के लिए राजू यादव और आयुष पाण्डेय को सम्मानित किया गया। चित्रकला, वाद-विवाद और कबड्डी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रेल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रमुख स्टेशनों पर प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता शपथ और श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक ने किया।





