
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चंदौली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चंदौली पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को एएनटीएफ थाना गाजीपुर में तैनात उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख अपनी टीम के साथ चंदौली क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग उड़ीसा से गांजा लेकर चंदौली होते हुए वाराणसी के रास्ते गोरखपुर जाने की फिराक में हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार त्रिपाठी के निर्देशन में टीम गठित की गई। एनएच-19 पर मझवार रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल चंदौली कोतवाली क्षेत्र में होने के कारण स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा गया। इसके बाद मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह और महिला कांस्टेबल शीतला राव सहित पुलिस बल ने एएनटीएफ टीम के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान मुखबिर ने नरसिंहपुर रोड के पास खड़े एक महिला और एक पुरुष की ओर इशारा करते हुए बताया कि दोनों अपने-अपने बैग में गांजा लेकर जाने की तैयारी में हैं। पुलिस टीम को देखते ही दोनों आगे बढ़ने लगे, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज साहनी (19 वर्ष) पुत्र राधेश्याम साहनी और प्रीति कुमारी (21 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण निषाद, निवासी अमरुद मंडी, थाना राजघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे वाराणसी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।
इस मामले में थाना चंदौली पर मु0अ0सं0 541/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख, कांस्टेबल अमित कुमार चौरसिया, चंदौली थाने के उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह, महिला कांस्टेबल शीतला राव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।




