
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बंगाल की जनता ने खुली हवा में सांस ली है और इसका श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं व पार्टी नेतृत्व को जाता है।
उन्होंने इस जीत के पीछे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति को सबसे बड़ा कारण बताया। बृजभूषण ने कहा कि यह उनकी रणनीति का ही नतीजा है कि आज ऐसा परिणाम देखने को मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुद विश्वास नहीं था कि ऐसा दिन आएगा, जब बंगाल के लोग खुलकर सांस ले सकेंगे।
वहीं, विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे लोकतंत्र की लूट के आरोपों पर बृजभूषण शरण सिंह ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली।
बताया जा रहा है कि ज्येष्ठ माह के पहले मंगलवार के अवसर पर आयोजित एक विशाल भंडारे में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए वह अयोध्या पहुंचे थे। यह कार्यक्रम “मधुर मिलन” संस्था द्वारा आयोजित किया गया था।





