
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने शुक्रवार को कर्मशाला का गहन निरीक्षण कर विभिन्न उत्पादन इकाइयों में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने उत्पादन की गुणवत्ता, कार्य प्रगति और तकनीकी मानकों के अनुपालन पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने शीट मेटल शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप तथा लोको टेस्ट शॉप का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने इन इकाइयों में लोको निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान श्री पंत ने अमृत भारत (पुश-पुल) लोको के कैब का भी निरीक्षण किया और इसकी निर्माण प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि उत्पादन प्रक्रिया में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य विद्युत इंजीनियर अरविंद कुमार जैन, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत तथा उप मुख्य इंजीनियर साकेत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




