
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. काशी में दर्शन-पूजन के लिए गुजरात से आई एक महिला को बाइक सवार उचक्कों ने निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना सोमवार देर शाम एसीपी कार्यालय के समीप इस्कॉन मंदिर के पास की है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गुजरात निवासी सुष्मिता अपने परिवार के साथ टोटो से गंतव्य की ओर जा रही थीं। इसी दौरान टोटो जैसे ही एसीपी कार्यालय से थोड़ा आगे इस्कॉन मंदिर के पास पहुंचा, तभी काली पल्सर सवार दो बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। महिला के मुताबिक छीनी गई चेन का वजन करीब पांच ग्राम था।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और महिला से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस कमांड सेंटर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और बदमाशों की पहचान करने में जुट गई।
पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं, व्यस्त इलाके और एसीपी कार्यालय के समीप हुई इस घटना ने राहगीरों और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





