
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: उत्तर प्रदेश सरकार ने जिला पंचायतों को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। प्रदेश के सभी जिलों में जिला पंचायत अध्यक्षों के कार्यकाल की समाप्ति के बाद उन्हें ही प्रशासक नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में अयोध्या की जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने जिला पंचायत अयोध्या के प्रशासक के रूप में पदभार ग्रहण किया।
वही पदभार ग्रहण करने के बाद रोली सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में शहर से लेकर गांव तक अभूतपूर्व विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अलोक सिंह रोहित ने कहा कि अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं और प्रशासक के रूप में उन्हें उन अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी रहेगा।
वहीं वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे पांच वर्षों तक जनता के बीच रहकर संगठन और सेवा का कार्य करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।




