
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर 29 सितम्बर को मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता डॉ. अमरनाथ ने हृदय रोगों की रोकथाम, जोखिम कारकों की पहचान और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं। इन समस्याओं के शुरुआती दौर में कई बार स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते, इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक स्क्रीनिंग महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, तंबाकू व धूम्रपान से दूरी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने लोगों को समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आर.आर. सिंह, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. कल्पना दूबे सहित मंडल चिकित्सालय के पैरामेडिकल कर्मचारी उपस्थित रहे।





