
गोरखपुर: योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला, जब श्रावस्ती की एक महिला अपने गंभीर रूप से बीमार बच्चे के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंची।
मुख्यमंत्री ने महिला को भरोसा दिलाया कि उसके बच्चे के इलाज में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने तत्काल आयुष्मान कार्ड बनवाने और विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। सीएम ने कहा, “घबराइए मत, सरकार इलाज में पूरी मदद करेगी।”
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला का आवेदन स्वीकार करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसे श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजा जाए, ताकि आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द जारी हो सके। साथ ही उन्होंने इलाज के खर्च का अनुमान तैयार कर राज्य सरकार को भेजने के भी निर्देश दिए।
‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के पास बैठे लोगों के बीच जाकर उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
लोगों को आश्वस्त करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “घबराइए मत, सरकार हर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।” उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण तय समय-सीमा में, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए।
अपराध और जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को निर्देश दिया कि अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सख्ती और जवाबदेही के साथ बनाए रखने पर जोर दिया।




