
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश और मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस मैच में विद्युत विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेल सुरक्षा बल को 6 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेल सुरक्षा बल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शाहनवाज ने 60 गेंदों पर 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शानदार 89 रन बनाए। वहीं राम प्रवेश ने 24 गेंदों में 28 रन और संतोष ने 14 गेंदों पर 27 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में विद्युत विभाग की ओर से भगवान यादव ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि रमेश, नीरज और अनिल को एक-एक विकेट मिला। 188 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्युत विभाग की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।
टीम के स्टार बल्लेबाज अनिल यादव ने 62 गेंदों पर 13 चौके और 5 छक्कों की मदद से शानदार 108 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनके साथ मुनि ने 18 गेंदों पर 38 रन और संजय साहू ने 25 गेंदों पर 33 रन बनाकर टीम को 19.4 ओवर में 188 रन तक पहुंचा दिया, जिससे टीम ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
रेल सुरक्षा बल की ओर से शाहनवाज ने गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि जावेद और रामप्रवेश को एक-एक विकेट मिला। मैच में 108 रनों की शानदार पारी खेलने वाले अनिल यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी श्री सुदेश कुमार द्वारा प्रदान किया गया। अब फाइनल मुकाबले में विद्युत विभाग का सामना परिचालन विभाग से कल दोपहर 2:00 बजे होगा, जहां एक और रोमांचक मैच की उम्मीद की जा रही है।





