
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में मई-2026 में सेवानिवृत्त हुए 12 कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके समापक भुगतान, पीपीओ, मेडिकल कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कर्मचारियों की दीर्घ, उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए उनका अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धनराशि के सुरक्षित निवेश, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा समाज एवं परिवार के कल्याण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
समारोह की विशेष उपलब्धि यह रही कि सेवानिवृत्ति से रिक्त हुए सात पदों पर पात्र कर्मचारियों को उसी दिन पदोन्नति प्रदान कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सेवानिवृत्ति संबंधी सभी दस्तावेजों एवं सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। समारोह भावनात्मक विदाई और नई संभावनाओं के स्वागत का साक्षी बना।




